एक साथी को बचाने उतरे तीन अन्य युवक भी गहरे गड्ढे में समाए, सभी मृतक चंडीगढ़ के रहने वाले
जटवाड़ा पुल के पास हुआ हादसा, पुलिस ने सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की
एम.पारिक
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान शुक्रवार को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के समीप एक दर्दनाक हादसे में चार कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए थे। उनकी आयु लगभग 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास स्नान के दौरान एक कांवड़िया अचानक गंगनहर के गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी तत्काल पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का सही अनुमान नहीं लगा सके और चारों तेज बहाव एवं गहराई की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि हाल ही में गंगनहर में सिल्ट सफाई के कारण कुछ स्थानों पर जलस्तर कम होने से श्रद्धालु बीच धारा तक पहुंच गए थे। इसी दौरान गहरे गड्ढे में पैर फिसलने और संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। कई घंटों तक चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद चारों युवकों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कांवड़ मेले के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा गंगा और गंगनहर की मुख्य धारा या गहरे पानी में जाने से बचें। प्रशासन ने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी ऐसे दर्दनाक हादसों को रोक सकती है।











Leave a Reply