सोशल मीडिया के शोर में भी अखबार की गूंज कायम, हरिद्वार में जुटा संपादकों का महाकुंभ

Spread the love

अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन का प्रांतीय अधिवेशन संपन्न, 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया सम्मानित

अमित गुप्ता

हरिद्वार। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से अधिसूचित संगठन अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई के तत्वावधान में आज प्रेस क्लब सभागार, देवपुरा में प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं ‘वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका’ विषय पर एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों के संपादकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मिश्री मठ के महामंडलेश्वर परम पूज्य करौली शंकर जी महाराज ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भी प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता और विश्वसनीयता कायम है। सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म रहता है, लेकिन लोग समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को पढ़कर ही उस पर अधिक भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि अखबार आज भी समाज का आईना है। महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने पत्रकारिता को योग और तपस्या की संज्ञा देते हुए कहा कि सत्य को बिना किसी लाग-लपेट के समाज के सामने रखना पत्रकारिता की सबसे बड़ी साधना है।

पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण पेशा, फिर भी सच सामने ला रहे पत्रकार : मदन कौशिक

मुख्य अतिथि हरिद्वार विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में आयुष एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार और पत्रकारिता बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर महत्वपूर्ण खबरें सामने लाते हैं। खोजपूर्ण और सनसनीखेज खबरों पर पत्रकारों को डराने-धमकाने के साथ मुकदमों का भी सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकार सच्चाई को समाज के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।  प्रदेश सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब के नए भवन की मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

सोशल मीडिया के दौर में भी अखबार का इंतजार : बंशीधर तिवारी

महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क बंशीधर तिवारी ने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है, लेकिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत आज भी कायम है। लोग दिनभर सोशल मीडिया पर खबरें देखते और साझा करते हैं, लेकिन अगली सुबह उन्हें अखबार का इंतजार रहता है। उन्होंने कहा कि चाय की चुस्की के साथ अखबार पढ़ने की परंपरा आज भी जारी है। इससे स्पष्ट होता है कि लोग अखबार में प्रकाशित खबरों पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग छोटे समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

दूर-दराज की आवाज सरकार तक पहुंचा रहे अखबार : सुरजीत सिंह गांधी

उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के सरदार सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि समय के साथ समाचार पत्रों और खबरों का स्वरूप बदला है। लोग मसालेदार और चटपटी खबरों को भी पसंद करने लगे हैं, लेकिन समाचार पत्र आज भी दूर-दराज के क्षेत्रों की समस्याओं और वहां की खबरों को सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।  उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने के साथ ही समाचार पत्र सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

हरिद्वार और मां गंगा की प्रसिद्धि में पत्रकारों का योगदान : नितिन गौतम

श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा की लोकप्रियता को देश-दुनिया तक पहुंचाने में समाचार पत्रों और पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कुंभ, अर्धकुंभ, कांवड़, सावन और वर्षभर आयोजित होने वाले धार्मिक पर्वों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का कार्य पत्रकार और समाचार पत्र करते हैं। उन्होंने गंगा सभा की ओर से पत्रकारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ : अमित कुमार शर्मा

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के लिए महानिदेशक सूचना का आभार व्यक्त करते हुए पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में सुधार की मांग रखी।

21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में ब्रजेंद्र हर्ष, गुलशन नैय्यर, रामचंद्र कनौजिया, शैलेंद्र सिंह, राधेश्याम विद्याकुल, कुमकुम शर्मा, निशा शर्मा, काशीराम सैनी, अवधेश शिवपुरी, डॉ. प्रदीप जोशी, शिव कुमार शर्मा, श्रवण अरोड़ा, जयपाल सिंह, राजीव तुम्बड़िया, नरेश दीवान शैली, ओम गौतम फक्कड़, राजेश शर्मा, अविक्षित रमन, प्रवीण झा एवं दया जोशी शामिल रहे। इस दौरान सभी अतिथियों को एसोसिएशन की ओर से अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक ललितेन्द्र नाथ एवं बालकृष्ण शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर एसोशिएशन के केंद्रीय महामंत्री विनोद वाजपेयी, कोषाध्यक्ष रामानुज मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य अर्पणा शुक्ला, उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष दिलीप पांडेय के अलावा राजेन्द्र नाथ गोस्वामी, अनिरूद्व भाटी, संजय रावल, रविन्द्र सिंह, प्रतिभा वर्मा, मुकेश वर्मा, प्रदीप गर्ग, संजय संतोषी, एसोसिएशन के प्रदेश सचिव एवं प्रेस क्लब हरिद्वार के महासचिव सूर्यकांत बेलवाल, केके त्रिपाठी, शैलेन्द्र गोदियाल, मेहताब आलम, संजय आर्य, अमित कुमार, त्रिलोक चन्द्र भट्ट, सुभाष कपिल, मुदित अग्रवाल, राजकुमार, अश्वनी अरोड़ा, राहुल वर्मा, अरुण कुमार, देहरादून संयोजक दिगम्बर उपाध्याय, जीत सिंह पैन्यूली, देवभूमि पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री बीड़ी शर्मा, शशि शर्मा, बालेश बावलिया, डा.रजनीकांत शुक्ला, दीपक नौटियाल, श्रवण झा, विकास चौहान, आनन्द गोस्वामी, रामेश्वर, देवेंद्र जौहरी, अशोक कुमार, सुरेंद्र शर्मा, रत्नमणि डोभाल, रजत चौहान, परमजीत राणा, सुमित यशकल्याण आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *