मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना में हरिद्वार के 666 विद्यार्थी चयनित

Spread the love

पिछले वर्ष के मुकाबले करीब तीन गुना बढ़ी प्रतिभागियों और चयनित विद्यार्थियों की संख्या

अमित कुमार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत आयोजित परीक्षा में हरिद्वार जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित परीक्षा में जूनियर और माध्यमिक स्तर पर कुल 666 छात्र-छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले और चयनित विद्यार्थियों की संख्या में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है। योजना के तहत जिले में 18 परीक्षा केंद्रों पर जूनियर स्तर (कक्षा छह) और माध्यमिक स्तर (कक्षा नौ) की छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 2 सितंबर को विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड की सचिव ज्योति यादव, आईएएस ने घोषित किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जूनियर स्तर पर वर्ष 2026-27 में 4,795 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 363 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। जबकि वर्ष 2025-26 में इस स्तर पर 1,288 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और इनमें से 88 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। इसी प्रकार माध्यमिक स्तर पर इस वर्ष 3,845 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 303 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। पिछले वर्ष माध्यमिक स्तर पर 1,686 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 122 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि दोनों स्तरों को मिलाकर इस वर्ष हरिद्वार जिले से कुल 666 विद्यार्थी मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए चयनित हुए हैं। पिछले वर्ष दोनों स्तरों पर कुल 210 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। इस लिहाज से इस बार चयनित विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बढ़ी हुई सहभागिता और चयन की संख्या जिले में शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है। सभी चयनित विद्यार्थियों को योजना के तहत निर्धारित छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम और चयन सूची एससीईआरटी उत्तराखंड छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है। विद्यार्थी अपने रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर पोर्टल पर परीक्षा परिणाम एवं चयन की स्थिति देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *