हरिद्वार में SIR का 99 फीसदी काम पूरा, शेष कार्य भी पारदर्शिता से होगा : डीएम

Spread the love

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, सहयोग के लिए जताया आभार

अमित कुमार

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। एनआईसी कक्ष में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का 99 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान में सहयोग के लिए सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी दलों के सहयोग और समन्वय के चलते विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा सका है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शेष कार्य भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपादित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और पुनरीक्षण कार्य में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व और निर्देशन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किया जा रहा है। बैठक में पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, कांग्रेस रुड़की जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कांग्रेस नेता चंद्रपाल सिंह, कैलाश प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *