करीब 257 करोड़ की लागत से छमनिया में निर्माणाधीन परियोजना में खेल, शिक्षा और आवास की होंगी समेकित सुविधाएं
रमेश राम
चम्पावत। प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार महत्वपूर्ण पहल कर रही है। जनपद चम्पावत के छमनिया में करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के पहले गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभावान बालिका खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार हो रहे इस स्पोर्ट्स कॉलेज में बालिका खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ शिक्षा और आवास की समेकित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिसर में हॉस्टल ब्लॉक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन, आवासीय सुविधाएं और मल्टीपर्पज हॉल समेत कई आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से होगा लैस
स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में विभिन्न खेलों के लिए उच्चस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना के तहत फुटबॉल मैदान, एस्ट्रो-टर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक तैयार किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से बालिका खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
पर्वतीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज के अस्तित्व में आने के बाद चम्पावत सहित पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभावान बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। यह परियोजना विशेष रूप से उन बालिका खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें संसाधनों और बेहतर प्रशिक्षण के अभाव में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खेल और शिक्षा को एक साथ जोड़कर तैयार किया जा रहा यह केंद्र प्रदेश में महिला खेल प्रतिभाओं के विकास को नई दिशा दे सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में खेल अवस्थापना को मजबूत करने और युवाओं, विशेषकर बालिका खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। चम्पावत का निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है, जो आने वाले समय में प्रदेश की बेटियों के लिए खेल प्रतिभा को उड़ान देने वाला प्रमुख केंद्र बन सकता है।












Leave a Reply