चमोली की बेटी प्रियंका नेगी ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान

Spread the love

भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर हासिल की बड़ी उपलब्धि, सैन्य परिवार की परंपरा को बढ़ाया आगे

अमित कुमार 

नंदानगर (चमोली)। पहाड़ की बेटी ने आसमान की ऊंचाइयों पर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। चमोली के नंदानगर क्षेत्र के बंगाली गांव की प्रियंका नेगी भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बन गई हैं। कठिन चयन प्रक्रिया और कठोर सैन्य प्रशिक्षण को सफलता से पूरा कर प्रियंका ने न केवल अपने परिवार और पैतृक गांव का नाम रोशन किया, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए भी कामयाबी की नई मिसाल कायम की है। सैन्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका की इस उपलब्धि पर गांव से लेकर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रियंका नेगी ने अपनी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, लखनऊ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी शिक्षा हासिल करने के बाद प्रियंका ने भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और इसके लिए कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए प्रशिक्षण के लिए चयनित हुईं। प्रियंका ने एयर फोर्स ट्रेनिंग कॉलेज (AFTC), बेंगलुरु में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन प्रदान किया गया। उनके प्रशिक्षण बैच में कुल 118 कैडेट शामिल रहे, जिनमें भारत के साथ ही मित्र देशों के कैडेट भी शामिल थे।

 

           पिता भी रह चुके हैं सेना में सूबेदार

प्रियंका नेगी ने वायुसेना में अधिकारी बनकर परिवार की                सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है। उनके पिता इत्वार सिंह               भारतीय सेना की सिग्नल कोर में सूबेदार के पद पर सेवा दे           चुके हैं। उनकी माता गृहिणी हैं। सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार             में पली-बढ़ी प्रियंका ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़                       इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

         बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

प्रियंका की सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए विशेष रूप            से प्रेरणादायक माना जा रहा है। ग्रामीण परिवेश से                     निकलकर भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने की उनकी             उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि बेटियां यदि लक्ष्य                     निर्धारित  कर पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ें तो किसी            भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। प्रियंका के                  फ्लाइंग ऑफिसर बनने की खबर से बंगाली गांव और                 नंदानगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों एवं            क्षेत्रवासियों ने प्रियंका को बधाई देते हुए देशसेवा के उनके            नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *