सेवा संकल्प पर्व में श्रमिकों को पोषण, शिक्षा और हाइजीन किट वितरित

Spread the love

कर्मकार कल्याण बोर्ड ने निर्माण श्रमिकों के लिए लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर

स्वामी यतीश्वरानंद ने श्रमिक हित में संचालित योजनाओं की सराहना की, सीएम के दीर्घायु होने की कामना

अमित कुमार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री एवं श्रम मंत्री उत्तराखंड सरकार के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प पर्व’ के तहत मंडी समिति हरिद्वार परिसर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए सेवा और स्वास्थ्य से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों को पोषण किट, शिक्षा सहायता किट और हाइजीन किट वितरित की गईं। वहीं मोबाइल वैन के माध्यम से श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण और उनके परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की मौजूदगी में श्रमिकों को विभिन्न सहायता किट प्रदान की गईं। स्वास्थ्य जांच के दौरान श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रमिकों ने मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। कार्यक्रम में सहायक श्रम आयुक्त हरिद्वार प्रशांत कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट, मंडी सचिव लवकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *