अब कैंसर की जांच को नहीं लगानी पड़ेगी महानगरों की दौड़

Spread the love

चिकित्सा स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल में सिटी-पैट स्कैन मशीन का किया शुभारंभ

अमित कुमार

हरिद्वार। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की जांच के लिए अब हरिद्वार और आसपास के मरीजों को महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जगजीतपुर स्थित होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सिटी-पैट स्कैन मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय ने मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही मरीज के साथ पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट में घिर जाता है। लंबे और महंगे उपचार के साथ अलग-अलग चरणों में होने वाली जांच तथा महानगरों के अस्पतालों की भागदौड़ मरीज और परिजनों की मुश्किलें बढ़ा देती है। ऐसे में अत्याधुनिक जांच सुविधा अपने ही शहर में उपलब्ध होना बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि डॉ. एसके मिश्रा ने हरिद्वार में कैंसर उपचार की सुविधाएं विकसित कर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय पहल की है। इससे मरीजों के समय, धन और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारी से लड़ाई केवल दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों से नहीं, बल्कि हौसले, संवेदना और सहयोग से भी लड़ी जाती है। सचिव ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से अस्पताल को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही।

चिकित्सा का दान मानवता की बड़ी सेवा : रविंद्रपुरी

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार विद्या का दान महान माना गया है, उसी प्रकार चिकित्सा का दान भी मानवता की बड़ी सेवा है। जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना केवल एक जिंदगी बचाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार में उम्मीद और विश्वास कायम करना है। उन्होंने चिकित्सकों को भगवान का दूसरा स्वरूप बताते हुए कहा कि होप हॉस्पिटल जिस विजन के साथ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों को समाज, प्रशासन और सरकार का सहयोग मिलना जरूरी है।

हरिद्वार को कैंसर उपचार का केंद्र बनाने की दिशा में कदम

अस्पताल के डॉ. एसके मिश्रा ने कहा कि सिटी-पैट स्कैन मशीन शुरू होने से कैंसर मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों में भटकने की जरूरत कम होगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। आने वाले समय में अधिक से अधिक मरीजों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद महाराज, जगदीशलाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पांडेय, डॉ. संजय शाह, डॉ. मनीष दत्त, उमेश शर्मा, डॉ. आरके सिद्धू, सुखप्रीत, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे, उज्जवल पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *