चाय की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
अमित कुमार
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के सप्तसरोवर क्षेत्र में देश के चर्चित निठारी कांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव सप्तसरोवर रोड पर लालमाता मंदिर के सामने स्थित एक चाय की दुकान में मिला। सूचना मिलते ही सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अल्मोड़ा में रहने वाले उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार, सप्तऋषि पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि सप्तसरोवर रोड स्थित एक चाय की दुकान में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में हुई। बताया गया कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और किराये पर चाय का खोखा लेकर कारोबार कर रहा था। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली के रूप में हुई है, जो निठारी मामले में आरोपी रहा था। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
2025 में सभी मामलों में हो चुका था बरी
सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए निठारी हत्याकांड से जुड़ा था। लंबे समय तक चले मुकदमों के दौरान उसे कई मामलों में दोषी ठहराया गया था। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कई मामलों में उसे बरी कर दिया था। जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसके खिलाफ 12 मामलों में बरी किए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद नवंबर 2025 में शीर्ष अदालत ने लंबित अंतिम मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए उसे बरी करने का आदेश दिया था। अदालत ने उसकी तत्काल रिहाई के निर्देश दिए थे। अब हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।












Leave a Reply