संत महासभा ने कहा—देवभूमि की धार्मिक मर्यादा और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सरकार उठाए ठोस कदम
अमित कुमार
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा एवं हिंदू महासभा ने देवभूमि उत्तराखंड में हिंदू धार्मिक स्थलों की धार्मिक मर्यादा और हिंदू हितों के संरक्षण के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में संत महासभा के संरक्षक मदन महाराज ने कहा कि हरिद्वार, ऋषिकेश, बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों में हिंदू धार्मिक स्थलों के आसपास गैर-हिंदुओं द्वारा जमीन खरीद पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। मदन महाराज ने कहा कि राज्य में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप लगातार बढ़ने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सरकार से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए हिंदू समाज को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने डेमोग्राफिक बदलाव की आशंका जताते हुए तीर्थ क्षेत्रों की धार्मिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
तीर्थ परिषद गठन की मांग
मदन महाराज ने कहा कि तीर्थ क्षेत्रों की धार्मिक मर्यादा और व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार को तीर्थ परिषद का गठन करना चाहिए। इसमें तीर्थ पुरोहितों, मठ-मंदिरों के संचालकों, जनप्रतिनिधियों और अखाड़ों के संत-महात्माओं को प्रतिनिधित्व दिया जाए। उन्होंने धार्मिक स्थलों से जुड़े प्रशासनिक और व्यवस्थागत विषयों में इस परिषद की प्रभावी भूमिका तय करने की मांग की।
कुंभ में स्थायी निर्माण पर जोर
महंत गोपाल गिरी महाराज ने कहा कि आगामी कुंभ मेले की व्यवस्थाएं बेहतर और दीर्घकालिक होनी चाहिए। कुंभ क्षेत्र में अधिक से अधिक स्थायी निर्माण किए जाएं, ताकि मेले के बाद भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने तीर्थ स्थलों की मान-मर्यादा का विशेष ध्यान रखने की मांग की।उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में संत-महापुरुषों के लिए बिजली, पानी और शौचालय समेत मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। कुंभ मेला सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसकी व्यवस्थाओं में धार्मिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। पत्रकार वार्ता में योगेंद्र वर्मा, उर्मिला यादव, आचार्य अजय कृष्णा, विजय पांडे, विश्वास भार्गव, साक्षी वर्मा, अमरीश त्यागी, दीपक कुमार, पंकज कुमार, अशोक शर्मा, शिवम शर्मा, बृजेश शर्मा, योग ठाकुर, मनोहर ठाकुर, तनु त्यागी आदि मौजूद रहे।












Leave a Reply