एचआरडीए बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन

Spread the love

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी, रिक्त भवनों की बिक्री और मानचित्र संबंधी दिक्कतों के समाधान के निर्देश

अमित कुमार

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की 86वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल पौड़ी आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त पड़े भवनों के विक्रय के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए निर्णय पारित किया। इसके अलावा मानचित्र स्वीकृति से जुड़ी आ रही कठिनाइयों को लेकर प्रस्तुत प्रकरणों पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा

बोर्ड बैठक के बाद प्राधिकरण की संचालित योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। भविष्य में प्रस्तावित विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार, नगर पालिका शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का संचालन एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह ने किया। अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *