आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य की बुनियाद : रेखा आर्या

Spread the love

‘आंगन मिलन सेवा’ में 202 लाभार्थियों को बांटी महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार व पोषण किट

अमित कुमार

हरिद्वार। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महज सरकारी योजनाओं के संचालन के केंद्र नहीं, बल्कि नन्हे बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण संस्थान हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका बेहद अहम है।आज मंत्री रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फेरुपुर न्याय पंचायत के चांदपुर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं, बहनों, किशोरियों और बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं जरूरतें जानीं। कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट और पोषण किट समेत विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। वहीं अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित किया गया। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी बहनों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सात महिलाओं की हुई गोद भराई, बच्चों का कराया अन्नप्राशन

कार्यक्रम के दौरान सात महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संतुलित पोषण के महत्व पर भी चर्चा की गई।

चांदपुर तृतीय आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ

मंत्री रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद किया। मंत्री ने बच्चों से केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं तथा किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख बच्चे खासे उत्साहित नजर आए। रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इस लक्ष्य को धरातल पर उतारने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदोरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश सैनी समेत विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *