दो छात्राओं ने विदेश में हासिल किया पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश, कनाडा और इटली में चमकाया नाम
डॉ. सुशील उपाध्याय
लंढौरा (हरिद्वार)। चमन लाल महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। महाविद्यालय के छह छात्र-छात्राओं ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। वहीं, महाविद्यालय की दो छात्राओं ने विदेश में उच्च शिक्षा के लिए चयनित होकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यूजीसी की ओर से घोषित नेट परीक्षा परिणाम में राजनीतिक विज्ञान विभाग के कामेश्वर धीमान ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण की। पुस्तकालय विज्ञान विभाग की तमन्ना और आकाश कुमार ने भी नेट परीक्षा में सफलता हासिल की। वहीं, कॉमर्स विभाग की रश्मि और हिना जहीर ने असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण की। भूगोल विभाग के विपुल कुमार ने भी असिस्टेंट प्रोफेसरशिप के लिए नेट परीक्षा में सफलता हासिल कर महाविद्यालय का मान बढ़ाया।
पांच वर्षों में 60 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में विभिन्न विभागों के करीब 60 छात्र-छात्राएं यूजीसी नेट, सीएसआईआर नेट और गेट जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रवेश के बाद से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इसके लिए उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
कनाडा और इटली में भी चमका महाविद्यालय का नाम
प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय की बीकॉम की छात्रा प्रीतपाल कौर ने उच्च अध्ययन के लिए कनाडा में प्रवेश प्राप्त किया है। इसी विभाग की छात्रा देवांशिका शर्मा ने इटली में पीएचडी उपाधि कार्यक्रम में प्रवेश हासिल किया है। दोनों छात्राओं की उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
सफल विद्यार्थियों को समारोह में मिलेगा सम्मान
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता से महाविद्यालय गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी मेधावी छात्र-छात्राओं से प्रेरणा लेकर लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने यूजीसी नेट परीक्षा में विद्यार्थियों को सफलता दिलाने में योगदान देने वाले संबंधित विभागों के शिक्षकों की भी सराहना की। प्रबंध समिति अध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले समारोह में सभी सफल छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।











Leave a Reply