वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा हुए पंचतत्व में विलीन

Spread the love

राष्ट्रीय सहारा के पूर्व हरिद्वार ब्यूरो चीफ के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

एस. गुप्ता

हरिद्वार। राष्ट्रीय सहारा के हरिद्वार ब्यूरो चीफ रहे वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा (64) का मंगलवार देर रात देहरादून स्थित महंत इंद्रेश अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे श्री झा ने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से हरिद्वार के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को कनखल स्थित श्मशान घाट पर उनके बड़े पुत्र कार्तिक झा ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, श्री गंगा सभा के सभापति कृष्ण कुमार ठेकेदार, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, श्रीकांत वशिष्ठ, अश्वनी शर्मा, अविक्षित रमन, दिनेश जोशी सहित पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। नम आंखों से पत्रकारिता जगत ने अपने वरिष्ठ साथी को अंतिम विदाई दी। श्री झा ने लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई। राष्ट्रीय सहारा के हरिद्वार ब्यूरो चीफ के रूप में उन्होंने शहर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि इस कठिन और दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रेस क्लब हरिद्वार, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, एनयूजे (आई) सहित विभिन्न संगठनों और पत्रकार यूनियनों ने भी वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। संगठनों ने कहा कि श्री झा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके जाने से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अनुभवी और वरिष्ठ साथी का अभाव हमेशा महसूस किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *