नोहर विधायक अमित चाचाण ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, सिंचाई और पेयजल संकट के साथ विकास कार्यों का मुद्दा उठाया
आर.के. जोशी/मोहर सिंह
नोहर। पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए अनेक गांवों में चुनावी सभाएं कीं। नोहर विधायक अमित चाचाण के नेतृत्व में आयोजित सभाओं में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की गई। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई और पेयजल संकट के साथ विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा गया। कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत मिलो वाला बास से हुई। इसके बाद बड़बिराना, श्योपुरा, नथवानिया, जैतासरी, ढाणी चारणान, ललाना, नेहराना, भंगुली, भोगराणा, सुरपुरा, जोरावरपुरा, दौले वाला बास, आपूवाला और सहारणों वाली ढाणी सहित विभिन्न गांवों में सभाएं आयोजित की गईं।
कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मांगे वोट
जनसभाओं के दौरान जोन नंबर 10 से सुमित्रा शीलू, पंचायत समिति ब्लॉक नंबर 20 से सुनीता तंवर, ब्लॉक नंबर 19 से ललिता शर्मा, जोन नंबर 18 से सावित्री कड़वासरा, ब्लॉक नंबर 18 से धन्नाराम साहू, ब्लॉक नंबर 16 से हनुमान साहू और ब्लॉक नंबर 17 से रामस्वरूप वर्मा के समर्थन में मतदान की अपील की गई। विधायक अमित चाचाण ने सभाओं को संबोधित करते हुए मतदाताओं से कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को ध्यान में रखकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।
सिंचाई-पेयजल संकट पर भाजपा को घेरा
अमित चाचाण ने आरोप लगाया कि राजस्थान, हरियाणा और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद क्षेत्र के किसान सिंचाई पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि सिंचाई पानी की समस्या के साथ पेयजल संकट भी गंभीर होता जा रहा है। राज्य में भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में नए विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में शुरू हुए कई कार्य भी अब तक पूरे नहीं किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि पंचायत चुनाव में क्षेत्र के मतदाता विकास, सिंचाई और पेयजल जैसे मुद्दों पर अपना फैसला सुनाएंगे। वहीं, चुनावी सभाओं में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में विचार रखे और मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान श्रवण तंवर, बनवारीलाल सुथार, निहाल सिंह कड़वासरा, प्रदीप पुरोहित, संजय मोदी, दलीप तेतरवाल, मोहन सुथार, घनश्याम तिवाड़ी, विजेंद्र, रामकुमार टिडियासर, राधेश्याम जोईया, मुकेश पंडा, नितेश पुरोहित सहित अनेक कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।











Leave a Reply