गंगा से कचरा निकालकर दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, युवाओं ने ली गंगा को निर्मल बनाए रखने की शपथ
अमित कुमार
हरिद्वार। COER यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से विश्वविद्यालय के सहयोग से ऋषिकुल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से गंगा नदी एवं घाटों को स्वच्छ रखने के साथ ही आमजन को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमरनाथ एवं अभिषेक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान को सफल बनाने में NSS जिला समन्वयक हरिद्वार एस.पी. सिंह के विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन तथा नगर निगम हरिद्वार के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, COER यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. अनभा सिंह ने भी इस सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयास को प्रोत्साहित किया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ऋषिकुल घाट परिसर की सफाई करने के साथ गंगा नदी में उतरकर भी स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने नदी से कचरा एवं अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों ने गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर NSS समन्वयकों ने कहा कि गंगा केवल भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर ही नहीं, बल्कि देश की अमूल्य प्राकृतिक संपदा भी है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। COER यूनिवर्सिटी की NSS इकाई ने अभियान के माध्यम से युवाओं और आमजन को संदेश दिया कि गंगा की स्वच्छता केवल अभियानों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए। स्वयंसेवकों ने लोगों से गंगा को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।











Leave a Reply