दीपावली पर सफाई कर्मी राज पूनम देवी का सम्मान, 51 बर्तन और पानी का कैंपर भेंट कर बढ़ाया मान

Spread the love

आर. के. जोशी / मोहर सिंह

नोहर। दीपावली के पावन पर्व पर स्वच्छता के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाली सफाई कर्मचारी राज पूनम देवी को सम्मानित कर समाज ने उनके योगदान को सलाम किया। कृष्णा एक्यूपंचर एंड वेलनेस सेंटर के संचालक डॉ. निकुंज गिलड़ा एवं वार्डवासियों की ओर से आयोजित सम्मान कार्यक्रम में उन्हें 51 बर्तन और पानी का एक कैंपर भेंट कर सम्मानित किया गया। गली-मोहल्ले की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और पूरी निष्ठा एवं मेहनत से अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाली राज पूनम देवी के कार्यों की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। वार्डवासियों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अथक परिश्रम से ही हमारा आसपास का वातावरण स्वच्छ और सुंदर बना रहता है।इस अवसर पर डॉ. निकुंज गिलड़ा ने कहा कि समाज के वास्तविक सम्मान के हकदार वे लोग हैं, जो बिना किसी अपेक्षा के पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सफाई कर्मियों का सम्मान करना उनके श्रम, समर्पण और सेवा भावना के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना है। कार्यक्रम में डॉ. संतलाल छिम्पा, जयकिशन गिलड़ा, दिलीप गिलड़ा, अभिषेक खिचड़, विष्णु जोशी, राकेश दलान एवं माया लखोटिया सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित रहे। दीपावली के अवसर पर किया गया यह सम्मान समारोह सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की प्रेरक मिसाल बना। इस पहल ने संदेश दिया कि सम्मान किसी पद या प्रतिष्ठा का मोहताज नहीं होता, बल्कि अपने श्रम और निष्ठा से समाज को बेहतर बनाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *