अपर मेलाधिकारी ने सूखी नदी और दक्षद्वीप में निर्माणाधीन पुलों का किया निरीक्षण, दिल्ली-नीति पास मार्ग के सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित रूप देने के लिए मेला प्रशासन ने अब पुलों, सड़कों और अन्य आधारभूत निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। घाटों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के बाद प्रशासन का विशेष फोकस श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए निर्माणाधीन पुलों और प्रमुख संपर्क मार्गों को निर्धारित समयसीमा में तैयार कराने पर है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा कर रहे हैं। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल तथा दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में पर्याप्त संसाधन और श्रमिक लगाकर गति बढ़ाई जाए, लेकिन गुणवत्ता के मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए पुलों का सुरक्षित और सुविधाजनक होना बेहद जरूरी है। इसलिए कार्यदायी संस्थाएं पूरी क्षमता के साथ निर्माण कार्यों को गति दें, ताकि समय रहते सभी व्यवस्थाएं तैयार हो सकें।
अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे सड़क सुधारीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को निर्देश दिए कि सीसीटीवी नेटवर्क की भूमिगत केबल और सीवरेज लाइन से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद अब सड़क सुधारीकरण के लंबित कार्यों में देरी न की जाए। फुटपाथ निर्माण के शेष कार्य भी प्राथमिकता से पूरे कराए जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान प्रमुख मार्गों का सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होना आवश्यक है। सड़क सुधारीकरण के साथ फुटपाथ निर्माण पूरा होने से श्रद्धालुओं को पैदल आवागमन में सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए समयसीमा का पालन करने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर मेला क्षेत्र में चल रहे स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ-2027 से जुड़े सभी प्रमुख आधारभूत कार्य समय से पूरे हों, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल सकें और कुंभ नगरी हरिद्वार में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।











Leave a Reply