दो हजार शोध पत्रों में से 278 का चयन, तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आईईईई सम्मेलन शुरू
अमित कुमार
रुड़की। कोर विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर साइंस विद एडवांस्ड पावर टेक्नोलॉजीज विषय पर द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीई2सीपीटी-2026 का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। आईईईई और आईईईई इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स सोसायटी के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय हाइब्रिड सम्मेलन 21 नवंबर तक चलेगा। इसमें देश-विदेश के शोधकर्ता, शिक्षाविद और उद्योग जगत के विशेषज्ञ आधुनिक तकनीक, नवाचार और भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष इं. जे.सी. जैन, कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह और प्रो-वाइस चांसलर डॉ. राजेश उपाध्याय उपस्थित रहे। एशिया यूनिवर्सिटी, ताइवान के सीसीआरआई निदेशक डॉ. बृज गुप्ता ने मुख्य अतिथि तथा इसरो के पूर्व वैज्ञानिक चंदन झा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनुभा सिंह ने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में मशीनें भी सीखने लगी हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं, लेकिन इसके साथ कई गंभीर चुनौतियां भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग समझदारी से किया जाना चाहिए और पूरी तरह इस पर निर्भर रहने के बजाय मानवीय विवेक एवं अपनी बौद्धिक क्षमता को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। सम्मेलन के लिए दुनिया भर से करीब 2,000 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से विशेषज्ञ समीक्षा समिति ने गुणवत्ता और शोध की प्रासंगिकता के आधार पर 278 शोध पत्रों का चयन किया। सम्मेलन के पहले दिन आयोजित तकनीकी सत्रों में विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में सात प्रमुख तकनीकी ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। इनमें पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्ट ग्रिड एवं नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन एवं ऊर्जा भंडारण, वीएलएसआई, आईओटी एवं एम्बेडेड सिस्टम, सिग्नल प्रोसेसिंग एवं एआई, मशीन लर्निंग एवं रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा एवं ब्लॉकचेन तथा भविष्य के शहरों के लिए सतत ऊर्जा प्रणालियां शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले शोध को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा जगत और उद्योगों के बीच समन्वय मजबूत करना है। इसके माध्यम से नई तकनीकों, शोध नवाचारों और उभरती चुनौतियों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विचारों का आदान-प्रदान होगा, जिससे तकनीकी विकास और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप समाधान तलाशने में मदद मिलेगी।












Leave a Reply