मतदान केंद्रों की मैपिंग और न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
अमित कुमार
हरिद्वार। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भेल कन्वेंशन हॉल में जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों, मतदान केंद्रों की मैपिंग तथा मतदान स्थलों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों की मैपिंग सहित सभी निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर अधिकारी मुख्य संदर्भदाता एवं सहायक नोडल प्रशिक्षण से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। अपर जिलाधिकारी नीतू डागर ने प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता और पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।प्रशिक्षण नोडल एवं कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदान केंद्रों की मैपिंग बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को मैपिंग की प्रक्रिया और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आवंटित क्षेत्रों के मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सहायक नोडल प्रशिक्षण डॉ. संतोष कुमार चमोला ने बताया कि जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों के प्रशिक्षण का पहला सत्र 16 नवंबर को आयोजित किया जा चुका है। गुरुवार को शेष एवं नए नामित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, ताकि निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। प्रशिक्षण में संतोष रावत, विजय सिंह नेगी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कार्मिक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply