सिलाई और ब्यूटी पार्लर का 30 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा, प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र
पी.के.गुप्ता
नरकटियागंज। सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाने की दिशा में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 44वीं वाहिनी ने सराहनीय पहल की है। वाहिनी की ओर से संचालित सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को राजकीय बुनियादी विद्यालय, दोमट के परिसर में समापन हुआ। इस दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाली 50 युवतियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। समापन समारोह का उद्घाटन 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के तहत 25 युवतियों को 30 दिनों तक सिलाई तथा अन्य 25 युवतियों को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया। सिलाई का प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज जम्होली और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज कैरी की युवतियों को दिया गया। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्कृति फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किए गए। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवतियों को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और अपने परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे सकें। एसएसबी की 44वीं वाहिनी सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। वाहिनी की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, मधुमक्खी पालन, नशामुक्त भारत अभियान और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं।समारोह में सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, बीडीओ ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रखंड प्रमुख जय प्रकाश पासवान, उप प्रमुख राजेश गढ़वाल, संस्कृति फाउंडेशन की निदेशक निधि राय सहित एसएसबी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।











Leave a Reply