मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र बोले—जनभागीदारी से ही स्वच्छ हरिद्वार का संकल्प होगा साकार
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच धर्मनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों, साधु-संतों और स्वयंसेवकों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। आश्रम स्थित घाट और आसपास के क्षेत्रों में कई सौ लोगों ने श्रमदान कर करीब 10 टन गीला और सूखा कूड़ा एकत्र किया, जिसे निस्तारण के लिए भेजा गया। गंगा बंदी के दौरान चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य घाटों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और कुंभ से पहले हरिद्वार को स्वच्छ बनाने में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
जनसहभागिता से बनेगा स्वच्छता अभियान जनआंदोलन
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार की स्वच्छता बनाए रखना केवल जिला प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखना प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों और साधु-संतों की सक्रिय भागीदारी जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे सामूहिक प्रयास स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों में शहर, पर्यावरण और गंगा के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी पैदा करते हैं। उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं और आमजन से स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को साकार करने में सहयोग देने की अपील की।
गंगा की निर्मलता बनाए रखना सबका दायित्व
प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा श्री सौम्यानंद जी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग, संस्था या व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। परम पूज्य गुरुजी श्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसकी निर्मलता और पवित्रता बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, स्वयंसेवकों और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल किया जा सकता है।
कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को मिले स्वच्छ हरिद्वार
पवन कुमार ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देकर श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार का अनुभव कराया जा सकता है। अभियान में अनुज रावत, शंकर लाल शर्मा, मोतीलाल, नरेंद्र कुमार सहित प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों, साधु-संतों और स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने घाटों पर कूड़ा नहीं फैलाने, आसपास सफाई बनाए रखने और गंगा की पवित्रता की रक्षा करने का संकल्प लिया।











Leave a Reply