पातंजल योग धाम में सात दिवसीय योग-ध्यान शिविर संपन्न

Spread the love

विभिन्न राज्यों के 100 से अधिक साधकों ने सीखा अष्टांग योग, साधकों ने बताया अनुभव

अमित कुमार

हरिद्वार। आर्यनगर स्थित पातंजल योग धाम में आयोजित सात दिवसीय योग-ध्यान शिविर आज संपन्न हो गया। 12 से 18 अक्टूबर तक चले शिविर में विभिन्न राज्यों से आए 100 से अधिक साधकों ने प्रतिभाग किया। शिविर में साधकों को महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग का सैद्धांतिक एवं क्रियात्मक प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के समापन पर पातंजल योग धाम के अध्यक्ष स्वामी मेघानंद सरस्वती ने पत्रकारों को बताया कि योग और ध्यान भारतीय ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। वहीं, धारणा और ध्यान के अभ्यास से साधक आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने योग साधना को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया। स्वामी योगानंद सरस्वती ने बताया कि पातंजल योग धाम योग साधना का स्थापित केंद्र है, जहां पिछले पांच दशकों से योग साधना शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से साधकों को योग के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण देकर उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया जाता है। पातंजल योग धाम के जनसंपर्क अधिकारी त्रिलोक वत्स ने बताया कि आमजन तक योग का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे वर्ष समय-समय पर विशेष शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में योग, ध्यान और साधना की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जाता है।शिविर में शामिल महाराष्ट्र के भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी अनिल गुप्ता और राजस्थान के उदयपुर निवासी पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर विजयवर्गीय ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर में भाग लेकर उन्हें योग एवं ध्यान साधना का अद्भुत अनुभव प्राप्त हुआ। उन्होंने शिविर को आत्मिक शांति और योग के व्यावहारिक ज्ञान की दृष्टि से उपयोगी बताया। प्रेस वार्ता में वेदव्रत सैनी और भगत सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *