राज्यपाल ने रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी के सेवा कार्यों को सराहा

Spread the love

आपदा और कोरोना काल में योगदान को बताया अतुलनीय, बोले—समाजसेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण हैं डॉ. चौधरी

अमित कुमार

हरिद्वार। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के चेयरमैन एवं राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च राष्ट्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी के समर्पित और उत्कृष्ट सेवा कार्यों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन तो प्रत्येक व्यक्ति करता है, लेकिन अपने मूल कार्यों से आगे बढ़कर समाज के लिए समर्पित भाव से सेवा करने वाले व्यक्तित्व विशेष सम्मान और पहचान के अधिकारी होते हैं। डॉ. नरेश चौधरी ऐसे ही व्यक्तित्व का उदाहरण हैं। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न आपदाओं और कोरोना काल के दौरान डॉ. चौधरी ने जिस समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य किया, वह अतुलनीय है। उनके कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और मानवीय सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने राजभवन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में डॉ. चौधरी के संचालन और संयोजन की भी सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों की सराहना उन्हें और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करती है। ऐसे व्यक्तित्व समाज में सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर डॉ. नरेश चौधरी ने राज्यपाल द्वारा की गई सराहना और प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सेवा कार्यों के लिए मिलने वाली प्रशंसा और सम्मान उनके जीवन की अमूल्य एवं अतुलनीय पूंजी हैं। यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, निष्ठा तथा समर्पण के साथ समाजसेवा करने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *