205वीं कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया

Spread the love

कमांडेंट नरेश पंवार ने जवानों और उनके परिजनों को दी शुभकामनाएं, वीर शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

पी.के.गुप्ता

गयाजी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ.) की विशेष इकाई 205 कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर बटालियन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोहों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों और आमंत्रित अतिथियों ने भाग लेकर बटालियन की गौरवशाली उपलब्धियों को याद किया। समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट नरेश पंवार ने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बटालियन की सफलता और गौरवशाली परंपरा के पीछे जवानों के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। कमांडेंट नरेश पंवार ने कहा कि 205 कोबरा बटालियन ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अनेक चुनौतीपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम देकर देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जवानों से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया। स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित भी किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह को और अधिक भव्य बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और गौरव का वातावरण बना रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी अजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट नरेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट दिव्या प्रकाश पांडेय सहित अधिकारी, जवान, उनके परिजन एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *