निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दर्दनाक हादसा, दो कांवड़ियों की मौत

Spread the love

विश्राम के दौरान भारी लोहे का गाटर गिरा, पुलिस ने शुरू की लापरवाही की जांच

एम.पारिक

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान आज बहादराबाद क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे दोनों शिवभक्तों पर अचानक भारी लोहे का चैनल (गाटर) गिर गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान थकान महसूस होने पर वे बढ़ेड़ी राजपूतान स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का चैनल अचानक खिसककर उनके ऊपर गिर गया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी पुलिस और बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों युवकों को लोहे के गाटर के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद मृतकों के साथ यात्रा कर रहे अन्य कांवड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का चैनल किसकी लापरवाही से रखा गया था और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस दुखद घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *