20.25 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना, अब तक 45.35 लाख कांवड़िए कर चुके हैं प्रस्थान

Spread the love

कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाएं की और सुदृढ़

अमित कुमार

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में शिवभक्तों की आस्था लगातार चरम पर पहुंच रही है। कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को 20 लाख 25 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 45 लाख 35 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं का संचालन कर रहा है।कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *