कांवड़ यात्रा में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

Spread the love

दूसरे दिन 14.55 लाख श्रद्धालु गंगाजल लेकर हुए रवाना, अब तक 25.10 लाख कांवड़िए पहुंचे अपने गंतव्य की ओर

प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को किया और मजबूत

अमित कुमार

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। मेले के दूसरे दिन हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और 14 लाख 55 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 25 लाख 10 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं का संचालन कर रहा है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है।जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ कांवड़ यात्रा में अपना सहयोग दें।प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांवड़ मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *