अमित गुप्ता
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय सभागार में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनहित और सुशासन की दिशा में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून, राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन और जी-20 सम्मेलन जैसी उपलब्धियों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सरकार की जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय 2.76 लाख रुपये से अधिक हो गई है तथा हरिद्वार में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 30 जुलाई तक ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों के सहयोग से शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। मत्स्य, पशुपालन, कृषि और उद्यान विभाग के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 59 लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। समापन पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश चौधरी और विनोद प्रसाद मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।












Leave a Reply