भगत सिंह चौक से ज्वालापुर की ओर नाले पर पड़ेगा स्लैब
डीएम मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण, झाड़ियों की कटाई और नालों की सफाई के निर्देश
अमित कुमार
हरिद्वार। भगत सिंह चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को जाम व अव्यवस्थाओं से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज भगत सिंह चौक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने चौक और आसपास किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को क्षेत्र में उगी झाड़ियों की कटाई तथा नालों की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्वालापुर की ओर नाले पर स्लैब डालने के निर्देश
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से ज्वालापुर की ओर स्थित नाले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाले पर स्लैब डालने के निर्देश दिए।
इससे यातायात को सुचारु बनाए रखने और चौक पर जाम की स्थिति को कम करने में मदद मिलेगी।
होर्डिंग-बैनर हटेंगे, पार्किंग की भी होगी व्यवस्था
डीएम ने चौक पर अनावश्यक रूप से लगाए गए होर्डिंग और फ्लेक्सी बैनर हटाने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय निवासियों की मांग के अनुरूप वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से की जाए। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पवन कार्की सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










Leave a Reply