एम. शर्मा
भोपाल। मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान आगामी माह प्रस्तावित दो प्रमुख आयोजनों—‘मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह’ और ‘यो म्हारो मालवो’—की रूपरेखा मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। वार्ता के दौरान मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के सचिव महेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को साझा किया।
आयोजनों की प्रमुख विशेषताएँ:
* मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह: मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के ‘मेरा मध्यप्रदेश’ आयोजन की श्रृंखला के तहत प्रस्तावित यह समारोह उन विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित करेगा,
जिन्होंने अपने समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
* यो म्हारो मालवो: मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मालवा क्षेत्र की लोक-संस्कृति, कला, बोली, साहित्य, खान-पान और समृद्ध जीवन-मूल्यों को समर्पित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य मालवा की सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने देखी गतिविधियों की झलकियाँ
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस क्लब की गतिविधियों और मालवा विकास उत्सव समिति के विगत कार्यक्रमों की चित्रात्मक झलकियाँ देखीं। उन्होंने पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के इन प्रयासों की जानकारी ली और सराहना की।











Leave a Reply