150 वर्ष पूरे होने पर विद्या भारती का ‘नमामि भारतम्’ अभियान, उत्तराखंड में 2 लाख विद्यार्थी-अध्यापक-अभिभावक होंगे शामिल
अमित कुमार
हरिद्वार। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में एक साथ सामूहिक गायन होगा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान को ‘नमामि भारतम्’ नाम दिया गया है। सुबह ठीक 11 बजे देशभर में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। विद्या भारती के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कैंप कार्यालय में प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में विद्या भारती से संचालित सभी 548 विद्यालय परिसरों के साथ पोषित ग्रामों और वार्डों में भी सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी 13 जिला केंद्रों पर पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी वाले बड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 2 लाख विद्यार्थी, अध्यापक और अभिभावकों को इस अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। ‘नमामि भारतम्’ के प्रांतीय संयोजक नत्थीलाल बंगवाल के नेतृत्व में अभियान को संचालित किया जाएगा। जिला केंद्रों पर स्थित सरस्वती विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्य जिला संयोजक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
देशभर में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
विद्या भारती के प्रांतीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने बताया कि देशव्यापी अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक लोगों को सामूहिक वंदे मातरम् गायन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के उद्देश्य से प्रतिभागियों की संख्या के दस्तावेजीकरण से लेकर वीडियो रिकॉर्डिंग तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती से जुड़े करीब 25 हजार औपचारिक एवं अनौपचारिक विद्यालय और संस्कार केंद्र अभियान में भाग लेंगे। इनमें डेढ़ लाख से अधिक आचार्य और करीब 36 लाख विद्यार्थी सीधे तौर पर शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक भी अभियान से जुड़ेंगे।
तीन मिनट 13 सेकंड तक एक स्वर में गूंजेगा वंदे मातरम्
मुख्य आयोजन के लिए प्रतिभागियों का आगमन और पंजीयन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। दीप प्रज्ज्वलन के बाद सुबह ठीक 11 बजे देशभर में एक साथ एक स्वर और एक लय में 3 मिनट 13 सेकंड तक वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।
उत्तराखंड में तैयारी: – 548 विद्या भारती विद्यालय परिसरों में आयोजन
– 13 जिला केंद्रों पर बड़े कार्यक्रम
– 2 लाख प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य
– देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों को जोड़ने की योजना
– 25 सितंबर, सुबह 11 बजे एक साथ सामूहिक गायन











Leave a Reply