आयुर्वेद दिवस पर कोर यूनिवर्सिटी में रक्तदान की मुहिम, 200 यूनिट रक्त संग्रह

Spread the love

अमित गुप्ता 

रुड़की। 11वें विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कोर मेडिकल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड हॉस्पिटल, कोर यूनिवर्सिटी रुड़की में सेवा और मानवता की मिसाल देखने को मिली। सिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में 200 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर का शुभारंभ कोर यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जे.सी. जैन, वाइस चांसलर प्रो. डॉ. अनुभा सिंह, प्रो. वाइस चांसलर प्रो. डॉ. राजेश उपाध्याय, कोर मेडिकल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड हॉस्पिटल के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. प्रत्यूष कुमार सिंह तथा सिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर के राहुल अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चेयरमैन जे.सी. जैन ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा माध्यम है, जिसमें दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। वाइस चांसलर प्रो. डॉ. अनुभा सिंह ने कहा कि विश्व आयुर्वेद दिवस केवल आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण के संकल्प को मजबूत करने का भी दिन है। रक्तदान शिविर इसी मानवीय भावना का जीवंत उदाहरण है। प्रो. वाइस चांसलर प्रो. डॉ. राजेश उपाध्याय और प्रिंसिपल प्रो. डॉ. प्रत्यूष कुमार सिंह ने रक्तदाताओं, ब्लड सेंटर की टीम, विश्वविद्यालय प्रशासन, विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों में कोर परिवार की भागीदारी आगे भी जारी रहेगी। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया, सावधानियों और रक्तदान के महत्व की जानकारी भी दी गई। 200 यूनिट रक्त संग्रह के साथ शिविर ने विद्यार्थियों और युवाओं में ‘रक्तदान—महादान’ की भावना को नई मजबूती दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *