47वीं बटालियन सीआरपीएफ में धूमधाम से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस

Spread the love

विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की भूमिका और राष्ट्रसेवा से कराया परिचित, चित्रकला व क्रिकेट प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

पी.के.गुप्ता

गयाजी। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय, जेल कॉम्प्लेक्स, गया में सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों और जवानों ने देश की रक्षा तथा आंतरिक सुरक्षा के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक, प्रेरणादायक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सीआरपीएफ के कार्यों, दायित्वों और देश की आंतरिक सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान आधुनिक हथियारों और सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया। बच्चों ने सुरक्षा उपकरणों और हथियारों की कार्यप्रणाली को उत्साह और जिज्ञासा के साथ देखा।

सैनिक सम्मेलन में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा पर जोर

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों के बीच सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठनात्मक विषयों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को लेकर चर्चा की गई। जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया गया।  जनसंपर्क और प्रतिभा प्रोत्साहन के उद्देश्य से दो निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को कमांडेंट अवधेश कुमार ने प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

क्रिकेट प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया खेल कौशल

स्थापना दिवस समारोह के तहत विद्यार्थियों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आपसी सौहार्द की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, एक विद्यालय के मयंक कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी के.के. सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार, उप कमांडेंट अभय सिंह भाटी, उप कमांडेंट पंकज कुमार, उप कमांडेंट उत्तम कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सीआरपीएफ के राष्ट्रसेवा, जनसेवा और आंतरिक सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *