जिलाधिकारी ने 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं को निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई

Spread the love

रमेश राम

चंपावत। 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 (25 जनवरी) के अवसर पर जिला सभागार में कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों विशेषकर युवाओं में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में खुशी, चित्रकला प्रतियोगिता में शिफा एवं अपूर्वा तथा निबंध प्रतियोगिता में अमित सिंह को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त दिया महर एवं दिया रावत को भी उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया एवं निष्पक्ष व निर्भीक मतदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सभी को लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर 8 नए मतदाताओं को उनके वोटर आईडी कार्ड प्रदान किए गए तथा उपस्थित सभी लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण तथा उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया और निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, जीवन कलोनी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *