दयाराम ढिल
बरवाली। नेठराना गांव में मंगलवार शाम से लापता कक्षा 5वीं के छात्र अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा का शव रात्रि समय गांव के जौहड़ के पास कुएं में मिला। शव के गले पर चोट के निशान के चलते ग्रामीणों ने बालक अभिषेक की हत्या की आशंका जताई हैं। देर रात्रि बालक का शव कुएं में मिलने से ग्रामीण क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इस घटना को हादसा न मानकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है गले पर कुछ निशान पाए गए हैं । बालक का शव मिलने की सूचना मिलते ही गोगामेड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल का मुआयना कर रही है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर मनोहर शर्मा पुत्र नथूराम शर्मा ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला मध्य रात्रि के बाद गोगामेड़ी पुलिस थाना में दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार 11 वर्षीय बालक अभिषेक शाम सवा चार बजे समय खेलने के लिए गया था,वह सात बजे तक खेलकर वापस आ जाता था लेकिन उसके वापस नहीं लोटने पर ग्रामीणों की सहायता से तलाश शुरू की, रात्रि समय उसका शव कुएं में मिला। बालक अभिषेक के सर व गले पर चोट के निशान बताएं गए। पुलिस ने बालक का शव गोगामेड़ी राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। दूसरी तरफ ग्रामीणों ने गांव में बैठक कर पुलिस प्रशासन से हत्याकांड का खुलासा करने, हत्यारें को गिरफ्तार करने की मांग की है। गोगामेड़ी थानाधिकारी चन्द्रकला व पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा के नेतृत्व में जांच के साथ साथ ग्रामीणों से वार्ता चल रही है, पुलिस ने बालक के शव का पोस्टमार्टम मेडीकल बोर्ड से कराने के साथ जांच के लिए डांग स्क्वाड टीम को बुलाया है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से नेठराना गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटनाक्रम के चलते गांव नेठराना के ग्रामीणों ने गांव में बड़ी संख्या में एकत्रित होकर इस घटना पर दुख प्रकट किया, दोपहर में ग्रामीण आक्रोशित होकर गांव गोगामेड़ी पहुंचे।
गोगामेड़ी पुलिस थाने का घेराव कर बालक के हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन में ग्रामीण महिलाओं ने भी भाग लिया। सभी ग्रामीणों में बच्चे की हत्या को लेकर गहरा आक्रोश व दुख सामने आया। इस घटनाक्रम के चलते नोहर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, भादरा उपखण्ड अधिकारी भागीरथ राम, पुलिस उपअधीक्षक संजीव कटेवा, नोहर थानाधिकारी अजय कुमार, गोगामेड़ी थानाधिकारी चन्द्रकला, भिरानी थानाधिकारी लखवीर कुमार ने ग्रामीणों से वार्ता की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस प्रकरण में हमे समय दिया जाए ताकि हम गहराई में जाकर इस पूरे प्रकरण की गम्भीरता से जांच कर सके। एक-एक पहलू की जांच कर संतोषजनक व निष्पक्ष कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक बालक अभिषेक का गोगामेड़ी राजकीय चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हुए। शाम को पोस्टमार्टम किया गया और शव को मोर्चरी में रखा गया है।











Leave a Reply