रामलीला बाड़ी में श्रीमद् भागवत कथा का पाँचवाँ दिन गिरीराज की महिमा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

आर. के. जोशी

नोहर। रामलीला बाड़ी में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पाँचवें दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास महाराज कृष्ण देव जी ने भगवान श्री गिरिराज जी की महिमा का अत्यंत मनमोहक, भावपूर्ण एवं विस्तृत वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इस अवसर पर आचार्य दयानन्द महाराज एवं जीतू पंडित भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और कथा आयोजन में अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। अपने प्रवचन में महाराज कृष्ण देव जी ने गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार का विनाश कर मानव समाज को प्रकृति संरक्षण, गौ-संवर्धन तथा श्रद्धा-भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गिरिराज जी की आराधना हमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने तथा सरल, सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा देती है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालुजन भक्ति रस में डूबकर भगवान के जयकारों के साथ कथा का श्रवण करते रहे। कथा सुनने के लिए अपार जनसमूह रामलीला मैदान में उमड़ रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में कथा के अन्य प्रसंगों का भी विस्तार से वर्णन किया जाएगा, जिसके लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *