रमेश राम
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, पर्याप्त शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित कूड़ा निस्तारण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा टीमों की सतत तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवाएं हर समय उपलब्ध रहें। साथ ही पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्णागिरि मेला जनपद की आस्था एवं पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन, पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा सहित मेला समिति अध्यक्ष किशन तिवारी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











Leave a Reply