प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 11 वर्ष, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार: त्रिवेन्द्र सिंह रावत

Spread the love

ए. गुप्ता

देहरादून। सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के सफल 11 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तराखंड समेत देशभर के सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सांसद श्री रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित यह योजना आज देश के करोड़ों युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों के लिए विश्वास, अवसर और स्वाभिमान का सशक्त माध्यम बन चुकी है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने छोटे व्यवसायों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है और सम्पूर्ण देश में स्वरोजगार की नई संस्कृति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से देशभर में करोड़ों युवाओं को अपने व्यवसाय स्थापित करने का अवसर मिला है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहन मिला है, जो विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सांसद श्री रावत ने कहा कि उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों युवाओं और छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। इससे राज्य में आर्थिक सशक्तिकरण, नवाचार और आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा का संचार हुआ है तथा अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी उद्यमशील नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे उद्यमिता, परिश्रम और नवाचार की इस भावना को और मजबूत करें तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *