आर.के.जोशी
दार्जिलिंग। मारवाड़ी सहायक समिति दार्जिलिंग एवं जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट तथा जोधपुर के सांसद एवं केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्रीय रेल सुविधाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मांग उनके समक्ष रखी। प्रतिनिधिमंडल ने 15657/15658 ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन को वर्तमान मार्ग से आगे बढ़ाते हुए सादुलपुर, गोगामेड़ी, नोहर एवं ऐलनाबाद होते हुए हनुमानगढ़ तक विस्तारित करने हेतु विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र लंबे समय से सीधी रेल कनेक्टिविटी की कमी से जूझ रहा है, जिसके कारण आमजन, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यदि ब्रह्मपुत्र मेल का विस्तार हनुमानगढ़ तक किया जाता है, तो इससे राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को पूर्वोत्तर भारत एवं अन्य प्रमुख शहरों से सीधा रेल संपर्क प्राप्त होगा। साथ ही, इससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन एवं सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है और अब जनहित को ध्यान में रखते हुए इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है।
सांसद राजू बिष्ट एवं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि वे इस विषय को रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से वार्ता कर इस प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास एवं बेहतर रेल सेवाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई। इस पहल से क्षेत्रवासियों में आशा जगी है कि आने वाले समय में उन्हें बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा और उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी। इस अवसर पर मारवाड़ी सहायक समिति से मंत्री अनुराग अग्रवाल, अजय अग्रवाल, ओमप्रकाश तापड़िया, विजय लाखोटिया, सुनील अग्रवाल, पवन अग्रवाल, महेश कुमार जोशी, संदीप लाखोटिया, जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी एवं नोहर रेल विकास संघ के अध्यक्ष राजकुमार जोशी मौजूद रहे।











Leave a Reply