अंधा प्यार, साजिश और हत्या, पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Spread the love

अमित गुप्ता

हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में हत्या की वजह मृतक की शादीशुदा बेटी के साथ आरोपी के प्रेम संबंध सामने आए हैं। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार, वाहन और अन्य सामान बरामद कर लिया है।एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रानानगंला थाना स्योहारा जिला बिजनौर निवासी प्रियांशु ने 27 अप्रैल को अपने पिता राजवीर सिंह की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात हमलावरों द्वारा सिर पर गहरी चोट पहुंचाकर हत्या करने के मामले में कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों द्वारा उसकी पहचान की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों की पहचान की। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर से आरोपी पंकज कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसका मृतक की बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन लड़की के पिता राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पंकज और उसका साथी छोटे लाल, दोनों ही सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे और मृतक से उनकी पहले से जान-पहचान थी। 26 अप्रैल की शाम को दोनों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और बहादराबाद क्षेत्र के बोंगला अंडरपास के पास खेत में ले जाकर हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने पंकज की निशानदेही पर उसके साथी छोटे लाल को भी नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *