बाल संस्कार शिविर से बच्चों में नैतिक मूल्यों का होगा विकास : डॉ. गिरीश प्रसाद

Spread the love

पी.के.गुप्ता

गयाजी। भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की मगध शाखा द्वारा गुरुवार को संत पैट्रीक स्कूल, नवागढ़ी के सभागार में तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल के डायरेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत राष्ट्रीय पर्यावरण सदस्य  डी.के. शर्मा ने किया। उन्होंने बाल संस्कार शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा पर्यावरण बचाने के कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। द्वितीय सत्र की शुरुआत शाखा संस्कार संयोजक मनोज कुमार द्वारा शिविर गीत “देश हमें देता है सब कुछ” के सामूहिक गायन से हुई। कोषाध्यक्ष श्री सुमन विश्वकर्मा ने बच्चों को अच्छे संस्कार एवं जीवन में अनुशासन के महत्व की जानकारी दी। वहीं शाखा अध्यक्ष डॉ. गिरीश प्रसाद ने बच्चों को अच्छी और बुरी आदतों के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए अच्छे चरित्र निर्माण पर बल दिया। शिविर में छात्रों की दिनचर्या, कर्तव्य एवं नैतिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया। शाखा संस्कार संयोजक मनोज कुमार ने शिविर के महत्व एवं संस्कारों की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की संपूर्ण संयोजन व्यवस्था एवं मंच संचालन भी उनके द्वारा किया गया। प्रथम दिन के कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *