मां गंगा में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की 73वीं बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मां गंगा की स्वच्छता, घाटों के रखरखाव, सीवेज प्रबंधन तथा अतिक्रमण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में गंगा नदी में कूड़ा-कचरा न जाने दिया जाए। घाटों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा गंगा को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि सभी घाटों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं और लाउडस्पीकर के माध्यम से तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को गंगा में कूड़ा-कचरा, कपड़े एवं अन्य सामग्री न फेंकने के लिए लगातार जागरूक किया जाए।जिलाधिकारी ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों और पुलों पर अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर एवं हरकी पैड़ी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं उपेक्षित घाटों की सूची तैयार कर नगर निगम को उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा जालियां लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित सभी सीवेज एवं सेप्टिक टैंकरों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण और सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण कोई भी टैंकर संचालित नहीं होना चाहिए तथा किसी भी स्थिति में सीवेज को नालियों या खुले स्थानों पर नहीं डाला जाए। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम और सिंचाई विभाग को नालों की नियमित सफाई कर जलभराव की संभावित समस्या को रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *