अमित कुमार
हरिद्वार। देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में मंगलवार तड़के तकनीकी खराबी के कारण अचानक आग लग गई। घटना हरिद्वार-दिल्ली रोड पर क्रिस्टल वर्ल्ड के आगे पुलिस चौकी शांतरशाह से लगभग 200 मीटर पहले हुई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। आज सुबह करीब 4 बजे बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर तथा परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता से सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अधिकांश यात्री अपना सामान बस से नहीं निकाल सके, जिसके चलते उनका सामान आग की चपेट में आकर जल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया। साथ ही रुड़की से फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में चालक और परिचालक ने बताया कि आग बस के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। बस में सवार दो विदेशी नागरिकों समेत सभी यात्रियों ने सुरक्षित बचाव एवं त्वरित राहत कार्य के लिए हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस टीम का आभार व्यक्त किया।पुलिस के अनुसार घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जबकि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।











Leave a Reply