विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत बीएलओ, सुपरवाइजर एवं बीएलए को दिया गया प्रशिक्षण

Spread the love

एस. गुप्ता

हरिद्वार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत प्रशिक्षण से वंचित रहे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को मंगलवार को बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25-हरिद्वार, 26-बीएचईएल रानीपुर, 35-हरिद्वार ग्रामीण तथा 27-ज्वालापुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित अधिकारियों एवं एजेंटों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।डॉ. चमोला ने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर जोर देते हुए निर्धारित प्रपत्रों, समयबद्ध कार्यवाही तथा समन्वय के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में सतर्कता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी (मीडिया) गोविंद कुर्ल, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी सहित सभी संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल सुपरवाइजर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *