एस. गुप्ता
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद भर में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जाम की समस्या से राहत मिले, इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
देवपुरा चौक से ललतारौ पुल तक चला अभियान
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन, शिवमूर्ति होते हुए वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे, फुटपाथों और नालियों पर किए गए 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जबकि 15 से अधिक ठेलियां जब्त की गईं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में नालियों अथवा उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखने पर उसे तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान सिटी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की टीम मौजूद रही।
रुड़की में पुहाना और सालियर बाईपास पर कार्रवाई
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन में तहसील रुड़की क्षेत्र के पुहाना एवं सालियर बाईपास में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
तहसील प्रशासन, पुलिस एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को जेसीबी की सहायता से हटाया।
लक्सर में 55 से अधिक अतिक्रमण हटाए
उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में लक्सर मेन मार्केट ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन तक अभियान चलाकर 55 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान 5 लोगों के चालान कर 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर एक सिलेंडर भी जब्त किया गया।
भगवानपुर में 11 चालान, 12 हजार रुपये जुर्माना
उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहसीलदार दयाराम के नेतृत्व में भगवानपुर टोल प्लाजा से रायपुर चौक तक सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 लोगों के चालान किए गए और 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 17 सामान जब्त किए गए। सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply