भू-कैलाश मैदान का गौरव लौटेगा, फिर निकलेंगे प्रतिभावान खिलाड़ी : राकेश सिंह

Spread the love

ए. कुमार 

कोलकाता। ऐतिहासिक भू-कैलाश मैदान में एक बार फिर क्रिकेट गतिविधियों को पुनर्जीवित करने की पहल तेज हो गई है। भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं समाजसेवी राकेश सिंह ने कहा कि भू-कैलाश का गौरवशाली इतिहास फिर से लौटेगा और यहां से नए प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। आज राकेश सिंह ने भू-कैलाश क्रिकेट कोचिंग सेंटर का दौरा कर पूर्व रणजी खिलाड़ी योगेन्द्र कुमार चौधरी, पूर्व क्रिकेटर जितेंद्र मणि तथा मुख्य कोच अभय नाथ चौधरी के साथ बैठक कर क्रिकेट गतिविधियों को फिर से सुचारू रूप से शुरू करने पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से मुलाकात की, उनका उत्साहवर्धन किया और स्वयं बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। राकेश सिंह ने कहा कि भू-कैलाश मैदान का अपना एक समृद्ध इतिहास रहा है।

एक समय यह मैदान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) से संबद्ध भू-कैलाश स्पोर्टिंग क्लब के माध्यम से क्रिकेट लीग मुकाबलों का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 30 वर्षों से इस मैदान पर सीएबी के कोई आधिकारिक मैच नहीं हुए, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र में क्रिकेट और अन्य खेलों को बढ़ावा देना तथा युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। समय-समय पर खेल सामग्री का वितरण भी किया जाएगा ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि भू-कैलाश कोचिंग सेंटर से भविष्य में ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे जो घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राकेश सिंह ने बताया कि मैदान में सीएबी के अंडर-13 और अंडर-16 स्तर के मैचों के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर भू-कैलाश कल्याण केंद्र के महामंत्री सीताराम राय ने कहा कि संस्था खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि एक समय भू-कैलाश मैदान से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकले थे और अब फिर से उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सतेंद्रमणि त्रिवेदी, राजीव साव, महेंद्र साव, रमलखन शर्मा, मनोज सिंह, बबीता वर्मा, रीता नायक सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *