हरियाली ही जीवन का आधार, 159वीं बटालियन सीआरपीएफ में हुआ पौधारोपण

Spread the love

पी.के.गुप्ता 

चिकपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 159वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बटालियन के कमांडेंट कुमार मयंक ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद अधिकारियों एवं जवानों ने मुख्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर कमांडेंट कुमार मयंक ने कहा कि हरियाली ही जीवन का आधार है और पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है।  उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना हम सभी का दायित्व है। पौधारोपण को एक दिन का कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। कमांडेंट ने कहा कि प्रत्येक पौधा प्रकृति का प्रहरी बनकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में योगदान देता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में नियमित रूप से पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट तुलसी दास सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेते हुए पौधारोपण अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *