अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों से उत्तराखण्ड बनेगा साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री
अमित कुमार
गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगिता से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों, तकनीकी व्यवस्थाओं, आवागमन, आवास एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों तथा देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार तथा आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
साथ ही बड़े स्तर की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान एक अग्रणी साहसिक पर्यटन राज्य के रूप में और अधिक सुदृढ़ होगी तथा देश-विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ खेल गतिविधियों का भी अनुभव कर सकेंगे। प्रदेश सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उदाहरण बन सके। इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











Leave a Reply