विश्व रक्तदाता दिवस पर दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर, 40 रक्तवीरों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

Spread the love

अमित गुप्ता

हरिद्वार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर कनखल स्थित दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ ऑर्थो एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंघल के संयोजन तथा मां गंगे ब्लड बैंक, जगजीतपुर के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। शिविर में समाजसेवा की भावना से प्रेरित 40 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस महादान में अपनी सहभागिता निभाई। स्थानीय नागरिकों, युवाओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार सिंघल ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2004 से प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्त तीन से चार जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। रक्त से लाल रक्त कणिकाएं (आरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे आवश्यक घटकों को अलग कर विभिन्न मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाता है। डॉ. सिंघल ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य रक्त बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है, जिससे शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, प्रदीप जोशी, आईएमए हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, सचिव डॉ. प्रेम लूथरा, डॉ. नीता मेहरा, डॉ. अनु लूथरा, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. रविकांत शर्मा, डॉ. अक्षय शर्मा, निखिल वर्मा, संजय अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, ललित बत्रा, सुमित यश कल्याण, प्रतीक गुप्ता, सीमा सिंघल, संदीप गोस्वामी, सतीश चौहान, सत्येंद्र चौहान, रवि चौहान, मुस्कान, रिया, मीना, दिशांत, आलिया नूर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) भेल हरिद्वार के कमांडेंट दीपक बडोला, असिस्टेंट कमांडेंट शैलेंद्र सिंह धाकड़, राज मोहिनी, नरेश कुमार, ओमवीर सिंह, नवरत्न लाल एवं रूपन देवी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में मां गंगे ब्लड बैंक, दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल के स्टाफ, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल भेल हरिद्वार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *